मॉल और होटलों पर भारी जुर्माना ठोका, जानें कारण

देहरादून में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से हाउस टैक्स लेने के बाद नगर निगम ने 50 के कारपेट एरिया की मौके पर जांच की तो कुछ में गड़बड़ी सामने आयी। इसमें 15 प्रतिष्ठान ऐसे मिले जिन्होंने तय कारपेट एरिया की तुलना में एरिया कम दिखाते हुए गलत जानकारी दी। नगर निगम ने ऐसे प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजकर भारी जुर्माना लगाया है।  इसमें पैसेफिक मॉल पर ही 4.89 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।  नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि नगर निगम ने दो साल पहले शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर टैक्स लगाने की कार्रवाई की थी। स्वकर प्रणाली में प्रतिष्ठानों ने खुद ही फार्म में कारपेट एरिया दिया था।  इसके आधार पर नगर निगम ने टैक्स तय कर दिया।  उन्होंने बताया कि नगर निगम ने बीते दिनों टैक्स के दायरे में आए 50 बड़े प्रतिष्ठानों के टैक्स को लेकर मौके पर जाकर जांच की। कारपेट एरिया को जांचा गया। पता चला कि 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठान ऐसे हैं, जिन्होंने अपना कारपेट एरिया कम दिखाया। इस कारण नगर निगम को टैक्स के राजस्व में घाटा उठाना पड़ा। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की सूची बनाकर नगर निगम ने जुर्माना और अतिरिक्त टैक्स का बिल बनाकर सभी को वसूली के लिए नोटिस भेज दिए। इसमें शहर के बड़े होटल तक शामिल हैं। सबसे ज्यादा जुर्माना राजपुर रोड स्थित पैसेफिक मॉल पर लगा है। नगर निगम ने सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।